- नेपाल सीमा से लेकर संवेदनशील इलाकों तक बढ़ेगी निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर
गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर गोरखपुर परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डीआईजी डॉ. एस चनप्पा ने रेंज के सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
डीआईजी ने अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा इंतजामों की लगातार समीक्षा की जाए। डीआईजी ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने को कहा है। होटल, लॉज और अन्य ठहरने वाले स्थानों की भी जांच-पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख सरकारी एवं संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, गश्त और चेकिंग अभियान बढ़ाने को कहा गया है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे महराजगंज जिले को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। डीआईजी ने स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह समाप्त होने तक सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।