गोरखपुर के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के वार्ड नंबर-11 निवासी सर्राफा व्यवसायी और विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष अमित वर्मा पर मंगलवार देर रात आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पीड़ित अमित वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक पुराने मुकदमे की रंजिश को लेकर नगर पंचायत के कुछ युवक उन्हें जबरन खींचकर एक कमरे में ले गए और बंद कर दिया। आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से जानलेवा हमला किया।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार हमलावरों ने उनकी सोने की चेन, मोबाइल और जेब में रखी नकदी भी छीन ली। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। उधर, घटना को लेकर क्षेत्र के सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।