रुद्रपुर। महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के लिए दुग्धेश्वरनाथ मंदिर सजधज कर तैयार हो गया है। मंदिर में आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बैरिकेडिंग का दायरा बढ़ाया है।
इसके अलावा चार पाहिया वाहनों को मंदिर से दो किलोमीटर पहले खजुहा चौराहे पर ही रोका जाएगा। महाशिवरात्रि पर दो दिन में करीब चार लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। शनिवार आधी रात के बाद से मंदिर में जलाभिषेक शुरू हो जाएगा।
दुग्धेश्वरनाथ मंदिर का उल्लेख पद्म पुराण में किया गया है। सामान्य धरातल से 20 फुट नीचे स्थित शिवलिंग को उज्जैन के महाकाल ज्योतिर्लिंग का स्वरूप माना जाता है। शिव मंदिर पर दूर दराज से शिव भक्त दर्शन और पूजन के लिए आते हैं।
अष्टकोण में बने मंदिर की प्राचीनता का उल्लेख चीनी यात्री ह्वेनसांग ने अपनी यात्रा वृतांत की पुस्तक सियूकी में भी किया है। दूसरी काशी के नाम से विख्यात मंदिर परिक्षेत्र में दुकानें लग गई है। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शिव जागरण का आयोजन किया गया है।
मंदिर से पहले रोके जाएंगे वाहन : श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिक्षेत्र से पहले ही वाहन रोक दिए जाएंगे। पुलिस प्रशासन के अनुसार नगर के खजुहा चौराहे से मंदिर मार्ग पर चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
गोरखपुर से आने वाली भीड़ पेट्रोल पंप और देवरिया से पूर्वी बाईपास होकर आने वाले लोगों के वाहन रामचक के समीप बाईपास पर रोके जाएंगे। गोरखपुर से निबही होते हुए आने वाले वाहनों को सहनकोट मंदिर के पीछे ही रोक दिया जाएगा। वहां से श्रद्धालुओं को पैदल आना होगा।
मंदिर परिक्षेत्र में मेले में लगीं दुकानें : दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पर भीड़ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दो सीओ, दो निरीक्षक, 25 उप निरीक्षक के अलावा दस महिला एसआई और आरक्षी तैनात रहेंगे। भीड़ में अराजकतत्वों से निपटने के लिए सादे ड्रेस में भी पुलिस भ्रमण करती रहेगी। श्रद्धालुओं के जत्थे को परिसर में पहुंचाने के लिए एनसीसी और स्काउट गाइड की टीम के अलावा मंदिर प्रशासन के लोग भी जुटे रहेंगे।
डीएम व एसपी ने किया सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा : शुक्रवार को डीएम दिव्या मित्तल व एसपी संजीव सुमन ने रुद्रपुर के दुग्धेश्वरनाथ मंदिर का दौरा किया। उन्होंने मंदिर पर व्यवस्था का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने प्रवेश द्वार और निकास द्वार पर बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि महाशिवरात्रि को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन तैयार है। श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान दिया जा रहा। प्रशासन द्वारा रुद्रपुर में महादेव के मंदिर पर शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शिव जागरण और महाप्रसाद का आयोजन किया जा रहा है।