जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर सोमवार देर रात नौकायन केंद्र गए। पार्किंग के साथ वाहनों के आवागमन की व्यवस्था देखी। दुकानदारों व लोगों से बातचीत करके लौट गए। देर रात पैडलेगंज से नौकायन केंद्र और तारामंडल क्षेत्र से नौकायन केंद्र होकर पैडलेगंज तक जाने की व्यवस्था बदल दी गई।
सर्किट हाउस से नौकायन केंद्र और तारामंडल क्षेत्र से नौकायन केंद्र तक सप्ताह में पांच दिनों तक वाहनों के आवागमन पर किसी तरह की रोक नहीं रहेगी। सोमवार से शुक्रवार तक शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक दोनों तरफ से वाहन आ-जा सकेंगे। हालांकि, शनिवार व रविवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव पहले की तरह लागू रहेगा। अब पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है। सभी तरह के वाहनों को महंत दिग्विजयनाथ पार्क में खड़ा कराया जाएगा। वाहनों के प्रवेश तारामंडल क्षेत्र के मुख्य द्वार से होंगे।
विज्ञापन
नौकायन केंद्र तक साप्ताहिक यातायात व्यवस्था में बदलाव से दिक्कतों का मामला पुलिस व प्रशासनिक अफसरों तक पहुंचा था। बताया जा रहा था कि बदलाव से नौकायन केंद्र आने वाले पर्यटकों की संख्या 90 फीसदी कम हो गई थी। तारामंडल क्षेत्र की जनता भी परेशान थी। इस क्षेत्र में करीब एक हजार परिवार रहते हैं।
जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर सोमवार देर रात नौकायन केंद्र गए। पार्किंग के साथ वाहनों के आवागमन की व्यवस्था देखी। दुकानदारों व लोगों से बातचीत करके लौट गए। देर रात पैडलेगंज से नौकायन केंद्र और तारामंडल क्षेत्र से नौकायन केंद्र होकर पैडलेगंज तक जाने की व्यवस्था बदल दी गई।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि सोमवार से शुक्रवार तक दोनों तरफ से वाहन आ-जा सकेंगे। इसमें किसी तरह की रोक नहीं रहेगी। शनिवार व रविवार को यातायात पहले की तरह बदला रहेगा। सातों दिन सुबह रामगढ़ ताल के किनारे की तरफ की सड़क बंद रहेगी। यह व्यवस्था सुबह टहलने वाले लोगों के लिए बनाई गई है।
सर्किट हाउस से नौकायन केंद्र और तारामंडल क्षेत्र से सर्किट हाउस तक यातायात बंद रखने का असर सहारा इस्टेट, सिक्टौर और भगत सिंह चौराहा तक पड़ रहा था। देवरिया रोड स्थित कादंबिनी हाइट्स, जीडीए की यशोधर कुंज कॉलोनी, लेक व्यू अपार्टमेंट और रेल विहार फेज-3 के लोगों को भी परेशानी थी। जैमिनी गार्डेनिया के लोग दिक्कत महसूस कर रहे थे।
पहले भी नेता व अफसरों से मिले
तारामंडल क्षेत्र के लोगों ने समस्या के समाधान के लिए एडीजी अखिल कुमार, एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर, एसपी ट्रैफिक एमपी सिंह और शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रवि किशन से मुलाकात की थी। सबने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इससे परेशान प्रमुख लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई थी।
पैडलेगंज की तरफ से आने वाले वाहनों को सर्किट हाउस के पास रोक दिया जाता था। सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं को थी। स्कूटी और ई-रिक्शा तक रोक दिया जाता था।- प्रेम सागरनाथ तिवारी, अध्यक्ष, जैमिनी गार्डेनिया सोसायटी, तारामंडल
जाम की समस्या से निजात पाने के लिए तारामंडल क्षेत्र में आए। फ्लैट खरीदा और रहने लगे, लेकिन डायवर्जन की वजह से जाम झेलना पड़ा। यातायात व्यवस्था में जो भी बदलाव किए गए, वे अव्यवहारिक थे।- रश्मि केसरवानी, उपाध्यक्ष, जैमिनी गार्डेनिया सोसायटी, तारामंडल
नौकायन केंद्र से ही चिड़ियाघर, वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, तारामंडल और बौद्ध संग्रहालय जाने का रास्ता है। चार घंटे तक बंद रखना ठीक नहीं था।- अनूप गोयल, सचिव, जैमिनी गार्डेनिया सोसायटी, तारामंडल
यातायात व्यवस्था में बदलाव से दिक्कत बढ़ गई थी। इस रास्ते रोजाना 15-20 हजार लोग आते-जाते हैं। सबकी सुविधा का ख्याल रखना चाहिए।- शीलम वाजपेयी, समाजसेवी, तारामंडल क्षेत्र
यातायात व्यवस्था में बदलाव से नौकायन केंद्र जाने वाले पर्यटकों की संख्या महज दस फीसदी रह गई थी। पत्नी और बच्चों के साथ घूमने निकले लोगों को 500 मीटर पहले रोकना उचित नहीं था।- सीताराम जायसवाल, मेयर, नगर निगम, गोरखपुर