दरोगा और ब्लॉक प्रमुख की पत्नी में कहासुनी का वीडियो वायरल
देवरिया। सलेमपुर ब्लॉक प्रमुख राजेश सिंह मंटू की पत्नी रागिनी सिंह और सलेमपुर कोतवाली के दरोगा मनोज कुमार के बीच कहासुनी का एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें दरोगा जहां ब्लॉक प्रमुख की पत्नी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा है, वहीं ब्लॉक प्रमुख की पत्नी वर्दी उतरवा लेने की धमकी दे रही हैं। कोतवाली पुलिस ने इस प्रकरण में ब्लॉक प्रमुख, उनके बेटे समेत पांच नामजद व 25 अज्ञात लोगों पर डकैती और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ने सीओ सलेमपुर को मामले की जांच सौंपी है।
तीन दिसंबर को ब्लॉक प्रमुख सलेमपुर मंटू सिंह और चकमोरवां निवासी सुनील कुमार यादव के बीच मधवापुर गांव में ईंट पाथने के संबंध में मारपीट हो गई थी। इसी मामले में पुलिस पूछताछ कर रही थी कि ब्लॉक प्रमुख की पत्नी रागिनी सिंह पहुंच र्गइं। किसी बात पर दरोगा मनोज कुमार और रागिनी सिंह में कहासुनी हो गई। बात बढ़कर घूस लेने, वर्दी उतरवाने और अभद्रता तक पहुंच गई। मामला जो भी हो जिस दरोगा से ब्लॉक प्रमुख की पत्नी की कहासुनी हुई, उसी को विभाग ने ब्लॉक प्रमुख पर दर्ज डकैती के मामले की विवेचना की जिम्मेदारी भी सौंप दी है।
क्या है पूरा मामला
सलेमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के चकमोरवां निवासी सुनील कुमार यादव गांव के बाहर काफी दिनों से ईंट-भट्ठा चलाते हैं। उन्होंने मधवापुर गांव के इंद्रभूषण पांडेय से 413 एअर जमीन ईंट पाथने के लिए लीज पर ली है। आरोप है कि तीन दिसंबर को सलेमपुर के ब्लॉक प्रमुख राजेश सिंह मंटू अपने बेटे प्रशांत सिंह व अन्य सहयोगियों के साथ पहुंचे और ईंट पाथ रहे मजदूरों के साथ गाली गलौज की। उन्होंने कहा कि इस जमीन को मैंने ले लिया है। यहां से चले जाओ। आरोप है कि उन्होंने मजदूरों से मारपीट भी की। सुनील की सूचना पर कोतवाली के दरोगा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी ब्लॉक प्रमुख की पत्नी से कहासुनी हो गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख व उनके बेटे समेत पांच नामजद और 25 अज्ञात लोगों पर डकैती व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया।
वीडियो बनाने वाला सिपाही लाइन हाजिर
घटना का वीडियो बनाने वाले सिपाही नरेंद्र यादव को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। चर्चा है कि कार्रवाई एक भाजपा नेता की सिफारिश पर हुई है। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख ने उसे फोनकर घर बुलवाया, नहीं आने पर एक भाजपा नेता ने सिपाही को फोन पर धमकी दी। सिपाही को शक है कि फोन पर धमकी देने वाले भाजपा नेता ने ब्लॉक प्रमुख के इशारे पर उसे लाइन हाजिर करा दिया।
दुर्व्यवहार पर तैश में आकर कही थी वर्दी उतरवाने की बात : रागिनी
कोतवाली के दरोगा मनोज कुमार मोरवा स्थित हमारे घर पर आकर पति को गाली दे रहे थे, जबकि पति मौके पर नहीं थे। विरोध किया तो दरोगा और अन्य पुलिस कर्मियों ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया। अश्लील बातें बोलीं। इसी से गुस्से में आकर मैंने भी वर्दी उतरवा देने की बात कही थी।
ब्लॉक प्रमुख की पत्नी ने दी वर्दी उतरवाने की धमकी
ईंट भट्टे पर हुए विवाद के बाद सिपाहियों के साथ जांच करने पहुंचे तो ब्लॉक प्रमुख की पत्नी रागिनी सिंह मौके पर आकर कहासुनी करने लगीं। उन्होंने वर्दी उतरवा लेने एवं सांसद के नाम की धौंस दी। मैंने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की है।
- मनोज कुमार, एसएसआई, कोतवाली
मामला संज्ञान में आया है। जांच सीओ सलेमपुर को सौंपी गई है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. श्रीपति मिश्र, एसपी