गोरखपुर। बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की करीब चार साल की बाघिन को बुधवार की भोर भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से गोरखपुर एयरपोर्ट से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व भेजा गया। बाघिन को सुरक्षित तरीके से सड़क मार्ग से गोरखपुर लाया गया था। यहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे विमान से बंगाल रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर की शाम करीब पांच बजे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में बाघिन को सफलतापूर्वक बेहोश कर रेडियो कॉलर लगाया गया था। इसके बाद पशु चिकित्सा जांच और वन्यजीव प्रबंधन से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। अधिकारियों की निगरानी में बाघिन को सुरक्षित वाहन से गोरखपुर पहुंचाया गया। गोरखपुर की सीमा में प्रवेश करने के बाद वन विभाग की टीम ने बाघिन को सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट तक पहुंचाया। यहां से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान के जरिये उसे बक्सा टाइगर रिजर्व भेजा गया।
30 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे बाघिन को बक्सा टाइगर रिजर्व के निर्धारित सॉफ्ट-रिलीज एनक्लोजर में सुरक्षित पहुंचा दिया गया। डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि बाघिन को सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद सुरक्षित रूप से गोरखपुर एयरपोर्ट तक लाया गया था। यहां से उसे विशेष विमान के जरिये पश्चिम बंगाल भेजा गया।