गीडा के खाली भूखंड अवैध कारोबार का ठिकाना बनते जा रहे हैं। जब भी किसी विभाग द्वारा छापा मारा जाता है तो प्रतिबंधित चीजें बरामद होती हैं। पिछले कुछ महीनों में गीडा में प्रतिबंधित कफ सिरप, पॉलिथीन और दूसरे राज्यों की शराब पकड़ी गई। इसको देेखते हुए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने ऐसे भूखंडों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है। उन्हें नोटिस देकर भूखंड निरस्त करने की कवायद हो रही है।
दरअसल, गीडा प्रशासन औद्योगिक, कामर्शियल और आवासीय प्रयोग के लिए भूखंड का आवंटन करता है। इनमें से ज्यादातर ने न तो फैक्ट्री लगाई है और न ही कामर्शियल भूखंड का ही कोई उपयोग किया है। आवंटियों ने भूखंड की किस्त जमा करने के लिए अवैध तरीके से गोदाम बना रखा है। जिसे किराये पर दिया गया है। कामर्शियल भूखंडों को गीडा से एग्रीमेंट कर मामूली शुल्क जमा कर किराये पर दिया गया है। ऐसे में गीडा में न तो औद्योगिक विकास हो रहा है और न ही कामर्शियल गतिविधियां ही बढ़ रहीं हैं।