महराजगंज। सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को विकास उत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले 8 साल और केंद्र में 10 साल बेमिसाल रहे हैं। इस दौरान देश एवं प्रदेश ने नए कीर्तिमान गढ़े हैं। प्रदेश में योगी का सशक्त नेतृत्व है तो केंद्र में दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय पीएम नरेंद्र मोदी देश को दिशा दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य न होकर देश की सर्वाधिक तेज आर्थिक विकास वाले राज्यों में शामिल हो चुका है।
देश में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर की अर्थ व्यवस्था बना है तो इसका श्रेय योगी और मोदी को है। उन्होंने प्रदेश के आर्थिक परिदृश्य और कानून व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले ग्लोबल इन्वेस्टर समिति में उत्तर प्रदेश को 40 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश प्राप्त हुआ। इसमें महाराजगंज जनपद को भी 2000 करोड़ से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ, जिसमें 700 करोड़ से ज्यादा का निवेश धरातल पर उतर चुका है। यह बदला हुआ उत्तर प्रदेश।
विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह और विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने योगी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए प्रदेश और जनपद में हुए कार्यों से जनसमूह को अवगत कराया। विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित स्टालों और फूड कोर्ट का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में संस्कृति विभाग के कलाकारों और विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा संजय पांडेय, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, डीएफओ निरंजन राजेंद्र सुर्वे आदि मौजूद रहे।
2029 तक उत्तर प्रदेश अर्थव्यवस्था में नंबर एक पर होगा : डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि उत्तर प्रदेश पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री आवास की बात हो या आयुष्मान गोल्डन कार्ड की। किसान सम्मान निधि के वितरण की बात हो या 15 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन देने की, सबमें अव्वल रहा है। इसी प्रकार गेहूं, गन्ना, आलू और अन्य फलों सब्जियों के उत्पादन में सबसे आगे है। मोदी के निर्देशन व योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश जो 2017 से पूर्व अर्थव्यवस्था में 7 नंबर पर था, वो आज दूसरे नंबर पर है। सरकार का लक्ष्य है कि 2029 तक उत्तर प्रदेश अर्थव्यवस्था में नंबर एक पर होगा।
सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के 25 लाभार्थियों को मिला चेक : मुख्य अतिथि ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक/प्रमाण पत्र/स्वीकृति पत्र आदि का वितरण किया। इनमें प्रमुख रूप से सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के 25 लाभार्थियों को लगभग 1.05 करोड़ का डेमो चेक/प्रमाणपत्र वितरित किया गया। बी पैक्स गोपालरपुर के सचिव को 10 लाख रुपये ब्याजमुक्त सीसी लिमिट के डेमो चेक तथा पॉस मशीन का वितरण किया गया। 15 किसानों को कृषि यात्रों की चाबी और 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र का भी वितरण किया गया। इसके अलावा आईटीआई/सेवायोजन के 15, आयुष्मान, बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को डेमो चेक/प्रमाण आदि प्रदान किया गया।