पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के बिछिया स्थित रेलवे कार्यालय में क्लर्क को सूद के धंधेबाज द्वारा पीटने और मोबाइल फोन तोड़ने का मामला सामने आया है। घटना चार जून की बताई जा रही है। तहरीर मिलने पर सोमवार रात शाहपुर पुलिस ने पीपीगंज निवासी आरोपी गणेश कुमार शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर किया है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के कौवाबाग कॉलोनी में रहने वाले अविभाव श्रीवास्तव बिछिया स्थित रेलवे कार्यालय में क्लर्क हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दो साल पहले तारामंडल बुद्ध विहार पार्ट सी में रहने वाले अपने मित्र को दो किस्तों में 3.50 लाख रुपये सूद पर रेलकर्मी गणेश कुमार शर्मा से दिलवाया था। जिसे रुपये दिलवाए थे, उसने कुछ माह ब्याज देने के बाद रुपये देना बंद कर दिया।
आरोप है कि सूद के धंधेबाज ने रुपये दिलवाने वाले क्लर्क से रुपये वापस मांगने लगा। इसके बाद क्लर्क ने हर महीने करके लगभग 3.75 लाख रुपये सूद के धंधेबाज को दे दिया। इसके बाद भी चार जून को आरोपी कार्यालय में पहुंच कर ब्याज की रकम मांगने लगा। बातचीत के दौरान दोनों में विवाद हो गया और आरोपी ने क्लर्क को डंडे से मारपीट कर जख्मी कर दिया। इस दौरान जान से मारने की धमकी देते हुए उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।