घुघली। किसी तरह से गेहूं की बुवाई करने वाले किसानों को अब यूरिया की चिंता सताए जा रही है। मिक्सर खाद और पुराने गेहूं के बीज से किसी तरह से गेहूं की बुवाई तो हो गई, लेकिन अब गोदाम खाली है यूरिया कहीं नहीं मिल रही। प्राइवेट में महंगे दर पर यूरिया की खरीद से किसान परहेज कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है।
किसान रमाकर कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि अगर जिले स्तर पर बैठे अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर रहते तो किसानों को सरकारी गोदाम से यूरिया की जरूरत को पूरा किया जा सकता था। हर बार यह समस्या जटिल होती जा रही है।
हरी नारायण सिंह ने कहा की सरकारी गोदामों से खाद लेने के लिए तो चक्कर लगाना तो ठीक लेकिन सबसे बड़ी समस्या है अंगूठा लगाना, क्योंकि जब अंगूठा लगेगा तभी खाद मिलेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि किसानों को जबरन यूरिया के साथ ही नैनो दिया जाता है जो किसान पसंद नहीं करते हैं। मंगलपुर पटखौली साधन सहकारी समिति में यूरिया नहीं है। सचिव रमेश ने बताया कि दो दिन में खाद आने की उम्मीद है। चौमुखा प्रभारी सचिव आलोक मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को खाद खत्म हो गई थी। रविवार को आने की उम्मीद है। साधन सहकारी समिति भुवनी के सचिव आलोक मिश्रा ने बताया कि यूरिया उपलब्ध है। नियम के अनुसार वितरित की जा रही है।