उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी की ओर से बुधवार को वर्ष 2019 और 2021 के कई पुरस्कारों की घोषणा की गई। पुरस्कारों की अगल-अलग श्रेणी में शहर के कई लोगों के नाम शामिल हैं। पुरस्कृत होने वालों ने इसके लिए खुशी का इजहार किया है।
जिले की जिन शख्सीयतों को साहित्यिक व सामाजिक कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया है, उनमें बराये कौमी यकजहती टीएन श्रीवास्तव ‘वफा गोरखपुरी’ और बराये कौमी यकजहती महेश अश्क शामिल हैं। इन्हें एक-एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
इनके अलावा बाबा-ए-उर्दू मौलवी अब्दुल हक इनाम बराये फरोग उर्दू अदब, सय्यद फरीद अहमद और बाबा-ए-उर्दू मौलवी अब्दुल हक इनाम बराये फरोग उर्दू अदब, सलाम फैजी को भी एक-एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
प्रो. मोहम्मद हसन इनाम बराऐ तद्रीस (जामियात/कॉलेजेस) प्रो. फिरोज अहमद को 1.5 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। वरिष्ठ उर्दू पत्रकार ऐहतेशाम अफसर को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रो. काजी जमाल हुसैन की किताब ‘दामे आगही’, डॉ. अजीज अहमद की किताब ‘यादों के इन्तेखाब ने’, प्रो. फिरोज अहमद की किताब ‘तहकीक’ को 25-25 हजार रुपये का इनाम मिलेगा। उभरते युवा साहित्यकार डॉ. अशफाक अहमद उमर की किताब ‘गालिब से अने हाजिर तक’ को 20 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। डॉ. इनामुल हक और युवा शायरा नुसरत अतीक की किताबों पर भी अकादमी ने पुरस्कार देने का एलान किया है।