प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि महानगर में बांस और बल्ली के सहारे बिजली की आपूर्ति नहीं होनी चाहिए। बिजली के खंभे गाड़े जाएं, धन की कोई कमी नहीं आने पाएगी। उन्होंने कहा कि सौभाग्य योजना के तहत अधिक से अधिक घरों में बिजली की सुविधा दी जाए। आसान किस्त योजना के तहत शहर के उपभोक्ता 12 और ग्रामीण क्षेत्र के 24 किस्त में बिजली का बकाया बिल जमा कर सकते हैं। 31 जनवरी तक पंजीयन कराना है। इसका प्रचार-प्रसार तेज करें।
ऊर्जा राज्यमंत्री ने ये निर्देश सोमवार को सर्किट हाउस में गोरखपुर मंडल के अधिकारियों के साथ बिजली की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में गोरखपुर महानगर में बांस-बल्ली पर लटकते तारों को पोल पर शिफ्ट करने का मामला उठा। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में आठ करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।
राज्य मंत्री ने आश्वस्त किया कि इस प्रस्ताव को मंजूरी दिला देंगे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में जर्जर तारों को बदलने का निर्देश दिया। कहा कि जितना बजट उपलब्ध है, उतना काम पूरा किया जाए। शेष के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजें। अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में किए जा रहे कार्यों की प्रगति से उन्हें अवगत कराया गया।
बैठक में मुख्य अभियंता ई. देवेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नगर ई. यूसी वर्मा, गोरखपुर ग्रामीण प्रथम ई. राजीव चतुर्वेदी, गोरखपुर ग्रामीण द्वितीय ई. इंद्रदेव त्रिपाठी, कुशीनगर, देवरिया व महराजगंज के अधीक्षण अभियंता तथा गोरखपुर के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।