गोरखपुर जिले में चिलुआताल इलाके के प्रतापपुर गांव में बेहोशी की हालत में मिली विवाहिता की रविवार को मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर जंगल कौड़िया पुलिस चौकी के पास जाम लगा दिया।
करीब ढाई घंटे तक आवागमन बाधित रहा। रात 10:30 बजे सीओ कैंपियरगंज के 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस वालों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण और परिजन सड़क से हटे और आवागमन शुरू कराया जा सका।
इस मामले में 20 अगस्त को चिलुआताल पुलिस ने मारपीट और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि दर्ज केस में जांच के आधार पर धारा बढ़ाई जाएगी। मृतका ने मरने से पहले पुलिस को बयान भी दिया है।
विवाहिता ने वीडियो बयान में कहा कि उसके साथ पति ने जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की और फिर परिवार वालों के साथ मिलकर पीटा। फिर जबरन जहर पिलाकर सड़क किनारे फेंक दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।