बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के रजौली बुजुर्ग गांव में पौधरोपण कार्यक्रम में रविवार को विवाद हो गया। मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रशासक रेनू शुक्ला की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रेनू शुक्ला ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 12 जुलाई को ग्राम पंचायत के दियारा क्षेत्र की पांच एकड़ भूमि पर 5000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी और गोला के खंड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह की मौजूदगी में किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पौधरोपण किया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान विधायक ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच काले रंग की थार गाड़ी से भोलू और सोनू यादव समेत गोलू यादव, भीम यादव, गोलू सैनी, शैलेंद्र यादव, सुंदरम, पलटन और राजू समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पुलिस बल की मौजूदगी में गांव निवासी नागेंद्र यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर नागेंद्र को बचाया। थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया गया है। सीओ गोला दरवेश कुमार ने बताया कि भागे आरोपियों की तलाश की जा रही है।