सेल्फी प्वाइंट पर भी भिड़े पार्षद
आदर्श वार्ड में सेल्फी प्वाइंट बनाने के प्रस्ताव पर विश्वजीत त्रिपाठी ने सवाल उठाया कि यह सुविधा सिर्फ आदर्श वार्ड में क्यों बनाई जा रही है। उन्होंने सभी 80 वार्डों में सेल्फी प्वाइंट बनाने की मांग की। पार्षद धर्मदेव चौहान ने भी विरोध किया। करीब 10 मिनट तक हंगामा चलता रहा। नगर आयुक्त अजय जैन ने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव आदर्श नगर के लिए तैयार किया गया है और 10 लाख रुपये की सीमा के भीतर कम बजट में इसे बनाने की योजना है। पार्षद विक्की मिश्रा ने कहा कि उनके वार्ड में भी जगह है, वहां सेल्फी प्वाइंट बनाया जाए।
ओटीएस योजना पर भी चर्चा हुई। पार्षदों से लोगों को योजना के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। नगर आयुक्त ने कहा कि टैक्स से संबंधित शिकायतों का 15 दिन में निस्तारण किया जाएगा। लोगों से मोबाइल और लैपटॉप लेकर शिविर में पहुंचकर अपनी आपत्तियों का समाधान कराने को कहा गया।
अंत्येष्टि स्थल की रसीद कम करने की मांग
राजघाट अंत्येष्टि स्थल को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए। पार्षद पवन सिंह ने रसीद की राशि 200 रुपये से घटाकर 100 रुपये करने की मांग की। विश्वजीत त्रिपाठी ने भी इसका समर्थन किया। पार्षद विक्की मिश्रा ने राशि 50 रुपये करने की मांग रखी। पार्षद शिवेंद्र मिश्र ने अंत्येष्टि स्थल पर शौचालय की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाया।
पिछली कार्रवाई की पुष्टि पर फिर आमने-सामने
पार्षद जियाउल इस्लाम ने पिछली बैठक की कार्रवाई की पुष्टि नहीं होने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद भाजपा और सपा पार्षद आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के पार्षद हंगामा करते हुए मंच तक पहुंच गए। सपा पार्षदों ने कहा कि सदन केवल भाजपा पार्षदों से नहीं चलेगा, उनकी बात भी सुनी जानी चाहिए।
राप्ती तट के जर्जर पिलर पर हंगामा
राप्ती तट पर हाईमास्ट घटना के मुद्दे को उठाते हुए विश्वजीत त्रिपाठी ने नगर निगम में बैनर-पोस्टर लगाने की बात कही। उन्होंने सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर जर्जर पिलर की मरम्मत कराने की मांग की। इस पर पार्षद विजेंद्र अग्रहरि ने विरोध किया और दोनों के बीच हंगामा शुरू हो गया। पार्षद ऋषि मोहन ने सिंचाई विभाग के कार्यों को लेकर निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की। जियाउल इस्लाम ने कहा कि भाजपा पार्षदों ने कम से कम राप्ती तट के कार्यों में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, इसके लिए उन्हें बधाई।
विजय चौक नाले पर बने मकानों पर होगी कार्रवाई
अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव ने विजय चौक नाले से जुड़े प्रस्ताव पर बताया कि नाले की सफाई के दौरान सामने आया कि उसके ऊपर दो मकान बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1967 में नाले की जमीन किराये पर दिए जाने की बात सामने आई है, लेकिन इसे गलत बताया गया है। अब मकानों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।