गोरखपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) की ओर से शनिवार को पहले दिन प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। किसी भी केंद्र से किसी शिकायत की खबर नहीं है। पहले दिन 39.65 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित व 60.35 प्रतिशन अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक 17 केंद्रों पर भौतिकी, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास व शिक्षाशास्त्र की परीक्षा संपन्न हुई। इसमें 7931 अभ्यर्थी पंंजीकृत थे, जिनमें 3244 उपस्थित व 4687 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक 15 केंद्रों पर अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य व समाजशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
इसमें 7102 पंजीकृत थे, जिनमें 2716 उपस्थित व 4386 अनुपस्थित रहे। इस तरह पहले दिन की परीक्षा के लिए कुल 15,033 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 5960 उपस्थित व 9073 अनुपस्थित रहे।
जो लोग पूरी तैयारी करके गए थे, उनके लिए प्रश्नपत्र आसान रहा। जिन लोगों ने सॉल्व पेपर से तैयारी की थी उन्हें सवाल हल करने में कठिनाई हुई। परीक्षा में आयोग ने विषय के प्रति अभ्यर्थियों की समझ को बारीकी से परखा।