बनकटा क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में ननिहाल आई एक पांच साल की बच्ची का अपहरण कर लिया गया, लेकिन पुलिस के सक्रिय होते ही अपहर्ता बच्ची को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने 20 मिनट में बच्ची को परिवारवालों को सौंप दिया।
रघुनाथपुर गांव निवासी विवेक ने एसओ बनकटा को सूचना दी कि गांव के केवल कुशवाहा की नतिनी श्वेता का अपहरण हो गया है। एसओ ने एसपी को अवगत कराते हुए तत्काल पीआरवी को भी जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की तो पता चला कि लाल रंग की बोलेरो से पांच साल की श्वेता कुशवाहा का अपहरण किया गया है। पीड़ित परिवार के बताए अनुसार सक्रिय पीआरवी दस्ते ने 20 मिनट के भीतर मंझरिया टोले के पास श्वेता को सड़क किनारे रोते हुए पाया। एसओ वीर बहादुर सिंह ने बताया कि श्वेता कुशवाहा गोपालगंज बिहार की रहने वाली है।
वह अपने नाना केवल कुशवाहा के घर रघुनाथपुर में रह रही है। बच्ची कुछ भी नहीं बता पा रही है। अपहरण क्यों किया गया, इसके बारे में भी परिवारवालों को कोई जानकारी नहीं है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने पीआरवी दस्ते में शामिल मुहर्रम अली और अरविंद पांडेय को पुरस्कृत करने का एलान किया है।