बहुजन क्त्रसंति मोर्चा के बुधवार को बंद के समर्थन में मंगलवार की रात शहर की कोतवाली तिवारीपुर और राजघाट के मिश्रित आबादी वाले इलाके में पर्चे बांटे गए। खबर लगते ही पुलिस अधिकारियों ने फोर्स के साथ शहर में गश्त शुरू कर दी। सीसी फुटेज की मदद से पुलिस पर्चे बांटने व पोस्टर चस्पा करने वालों की पहचान की कोशिश में जुटी है। पुलिस को खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली है कि बड़ी संख्या मे बुधवार को महिलाएं सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं।
सीएए (नागरिकता संशोधन कानून) के विरोध में बहुजन क्त्रसंति मोर्चा ने बुधवार को बंद का ऐलान किया है। मंगलवार की शाम पुलिस अधिकारियों ने बैठक कर बंदी के प्रभाव व सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की। शहर के संवेदनशील इलाकों में थानेदार व चौकी प्रभारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
कोतवाली, राजघाट व तिवारीपुर के मिश्रित आबादी वाले इलाके में बंदी का समर्थन करने के लिए पोस्टर चिपकाने के साथ ही पर्चे बांटे गए। सूचना मिलते ही हरकत में आये पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ गश्त पर निकल गए। संवेदनशील इलाकों में देर रात भ्रमण कर महिला थाना प्रभारी अर्चना सिंह और सीओ कोतवाली वीपी सिंह ने स्थानीय लोगों से किसी के बहकावे में न आने की अपील की। सीओ ने कहा की पुलिस की तैयारी पूरी है। माहौल बिगाड़ने वाले लोगो के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।