गोरखपुर में हंगामा, बवाल और गड़बड़ी के आरोपों के बीच मतगणना के चौथे दिन बुधवार को जाकर जिला पंचायत सदस्य के सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र मिल सका। सात वार्डों के नतीजों को लेकर तो आखिरी दिन तक घमासान मचा रहा। प्रशासन को जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव का परिणाम घोषित करने में पसीना छूट गया।
सपा व बसपा पदाधिकारियों की ओर से मनमानी के आरोप भी लगाए गए। पाली क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 में मतों का एक बार फिर मिलान किया गया। उसके बाद परिणाम घोषित हो सका। शाम करीब चार बजे जाकर सभी वार्डों में नवनिर्वाचित सदस्यों की सूची उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपलोड हो सकी।
बुधवार की सुबह तक वार्ड संख्या नौ, 21, 22, 23, 28, 34, 64 की सूची जारी नहीं हुई थी। समाजवादी पार्टी के ट्विटर एकाउंट से इस बात को ट्वीट भी किया गया था। सपा जिलाध्यक्ष का कहना था कि वार्ड संख्या 21, 22 व 23 से सपा समर्थित उम्मीदवार जीत गए हैं लेकिन उन्हें प्रमाण पत्र नहीं दिया जा रहा। इसी तरह बसपा जिलाध्यक्ष ने भी कुछ वार्डों में मनमानी का आरोप लगाया है।