बस्ती मंडल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। मंडल के सभी जिलों में बनाए गए मतगणना स्थल पर मतगणना सुबह 8:00 बजे से तय सीमा के बीच शुरू हो गई। आज बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जिले का पंचायत चुनाव का परिणाम आने वाला है।
सिद्धार्थनगर का अपडेट
यूपी पंचायत चुनाव रिजल्ट 2021
- फोटो : अमर उजाला।
सिद्धार्थनगर में पंचायत चुनाव के लिए जिले के 14 इलाकों में मतगणना शुरू हो गई है। इस दौरान देखा गया कि प्रत्याशियों में मतगणना के आगे कोरोना का डर नहीं है। ना तो सोशल डिस्टेंसिंग की पालन की जा रही है और ना ही लोग एक दूसरे से दूरी बना रहे हैं। जिले में पंचायत चुनाव के लिए 26 अप्रैल को मतदान हुआ था।
मतगणना स्थल पर कोई सतर्कता नहीं
सिद्धार्थनगर में कोरोना संक्रमण से हालात बिगड़ने के बावजूद भी मतगणना स्थल पर कोई सतर्कता नजर नहीं आ रही है। सभी ब्लॉकों में मास्क लगाकर मतगणना स्थल पर पहुंचे लोग सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इस लापरवाही के कारण कोरोना से तबाही बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। उसका ब्लाक के किसान इंटर कॉलेज के मतगणना केंद्र में लोग एक दूसरे के बेहद करीब खड़े हैं। सभी लोग मतगणना स्थल पर अंदर प्रवेश करने के लिए सामाजिक दूरी का नियम भूल गए हैं। रविवार को लॉक डाउन के बावजूद ब्लॉक कार्यालय के बाहर प्रत्याशियों के समर्थक मौजूद हैं और पुलिस उन पर सख्ती नहीं बरत रही है।
करोना पॉजिटिव रिपोर्ट पर पीछे हटे लोग
मतगणना केंद्र किसान इंटर कॉलेज उसका में एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के आने से अफरा तफरी मच गई। उक्त व्यक्ति अपना पॉजिटिव होने का रिपोर्ट लेकर मतगणना स्थल पर पहुंच अंदर जाने का प्रयास करने लगा। जैसे मुख्य द्वार पर लगे कर्मियों ने उसका रिपोर्ट कार्ड देखा तो सबके होश उड़ गए। सभी लोगों ने दूरी बनाते हुए उसे घर भेजवाया।
किसान इंटर कॉलेज उसका मतगणना स्थल पर प्रथम चरण की गिनती के लिए 21 टेबल लगाया गया है। इसमें प्रत्येक न्याय पंचायत के लिए टेबल है। पहले चरण में परसपुर, फुलवरिया, नगवां, बसावनपुर, कर्मा, तालनटवा, चौरासी, दुमदुमवा, चोरवर, बरदहा, सरौली, कठहा, सेमरहना, उटिया, तिघरा, चुरिहारी, मरवटिया माफी, देवलहा ग्रांट, महरिया, पोखरभिटवा और भिटिया की गिनती जारी है।
बस्ती का अपडेट
यूपी पंचायत चुनाव रिजल्ट 2021
- फोटो : अमर उजाला।
जिले के सभी 14 केंद्रों पर मतगणना जारी है। दुबौलिया ब्लाक के जयप्रभा इंटर कॉलेज में व किसान इंटर कॉलेज में मतगणना के लिए भीड़ लगी है। ऐसे में सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है।
बनकटी के एसडीएस में मतगणना कर्मचारियों द्वारा मतों की छंटनी की जा रही है।
रुदौली मतगणना केंद्र पर प्रत्याशियों की बुखार जांच करने के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
कुदरहा में कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ रही है।
बहादुरपुर में बने मतगणना स्थल पर 10:00 बजे तक गणना नहीं शुरू हो सकी थी।
अव्यस्था के बीच नेशनल इंटर कॉलेज में मतगणना शुरू हुई। कोविड प्रोटोकाल व थर्मल टेस्ट के बाद ही मतगणना केंद्र में प्रवेश देने का दावा फेल नजर आया। मतगणना के लिए 38 टेबल लगाए गए हैं। जिला अधिकारी सौम्या अग्रवाल व एसपी आशीष श्रीवास्तव ने मतदान केंद्र का दौरा कर मतगणना कार्यों का जायजा लिया।
भानपुर की मतगणना मे थुम्हवापांडेय न्याय पंचायत के दो एजेंटों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गणना स्थल से बाहर किए गए दोनों एजेंट।
संतकबीरनगर का अपडेट
यूपी पंचायत चुनाव रिजल्ट 2021
- फोटो : अमर उजाला।
जिले के सभी मतगणना केंद्रों पर गणना जारी है। इस दौरान कुछ जगहों पर समय से गणना शुरू हुई तो कुछ जगहों पर देर से गणना शुरू हो सकी। इस दौरान कहीं भी सामाजिक दूरी का पालन होता नहीं नजर आया।
सांथा ब्लाक के बालगंगाधर तिलक इंटर कॉलेज झुड़िया (सांथा) स्थित मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद हैे।
पौली में टेबल नंबर सात पर तैनात मतगणना अधिकारी चन्द्रशेखर सिंह की हालत बिगड़ने पर हड़कंप मच गया।
खलीलाबाद ब्लॉक में कमर्चारी मतगणना कर रहे हैं। इस दौरान सभी लोग मास्क लगाए दिखे।
खलीलाबाद मतगणना केंद्र के अंदर वोटों की गिनती चल रही है। वहीं दूसरी ओर चिलचिलाती धूप में बाहर खेत मे लोगो की भीड़ जुटी है।