बखिरा क्षेत्र के कुशहरा गांव निवासी चतुर्थ श्रेणी कर्मी 35 वर्षीय राम सुरेश खलीलाबाद ब्लाक के दिक्तौली मतदान केंद्र पर मतदान अधिकारी तृतीय के पद पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान बूथ पर ही उनकी मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के लढ़या धमैचा में फर्जी मतदान कराने को लेकर महिला कार्मिक और एजेंट के बीच नोकझोंक हुई।
सेमरियावां के रक्शा देवई, मेंहदावल के श्रीनगर में भी ऐसी शिकायतें प्रशासन को मिली, जहां पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थिति को सामान्य की। रात नौ बजे के करीब धमैचा के ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंच कर धरने पर बैठ गए। बाद में एडीएम को प्रार्थना पत्र देने के बाद लोग वापस गए।
डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि 67.86 प्रतिशत मतदान हुआ है, जिसमें खलीलाबाद ब्लाक में 72.80 प्रतिशत, बघौली ब्लाक में 68. 64 प्रतिशत, सेमरियावां ब्लाक में 58.64 प्रतिशत, मेंहदावल ब्लाक में 68.63 प्रतिशत, सांथा ब्लाक क्षेत्र में 65.06 प्रतिशत, बेलहर कला ब्लाक में 71.36 प्रतिशत, नाथनगर ब्लाक में 69.40 प्रतिशत, हैंसर बाजार ब्लाक में 65.50 प्रतिशत और पौली ब्लाक में 70.62 प्रतिशत मतदान हुआ। देर रात तक मत पेटिकाओं को सुरक्षित निर्धारित स्थल पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया। अराजक तत्वों पर पुलिस की सतर्क दृष्टि रही।