लोकतंत्र के महापर्व को लेकर सिख समाज उत्साहित है। उनका कहना है कि जाति-धर्म को छोड़कर, उनका वोट विकास पर आधारित होगा। मतदान की उम्र सीमा पूरी करने वाली सभी लोग, विधानसभा चुनाव में मतदान करेंगे। मतदान के दौरान प्रत्याशी की शैक्षिक योग्यता, क्रिमिनल रिकॉर्ड पर भी ध्यान देंगे।
उनका कहना है कि देश और प्रदेश एक मजबूत और विकासपरक सरकार हो, इसकी बातें सभी करते हैं, लेकिन जब मतदान की बारी आती है तो हमारे समाज के बहुत से लोग घर में ही बैठे रहते हैं। यह प्रवृत्ति बिलकुल गलत है। हम जमकर वोट करें, ताकि बच्चों और युवाओं की शिक्षा, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा, हर वर्ग के विकास की बात करने वाले नेता को ही हम अपना लीडर चुन सकें।
अमर उजाला से चर्चा के दौरान मंगलवार को सिख समाज से जुड़े तमाम लोगों ने संकल्प लिया कि मतदान के लिए समाज के सभी लोगों को जागरूक करेंगे। ताकि, समाज के ज्यादा से ज्यादा लोग, लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने में अपना योगदान दे सकें।
हर व्यक्ति करे मताधिकार का प्रयोग
उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के सदस्य जगनैन सिंह नीटू ने बताया कि साफ सुथरी छवि और पारदर्शी सरकार को अस्तित्व में लाने के लिए, प्रत्येक व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
स्वस्थ लोकतंत्र की स्थापना में मतदान बड़ा हथियार
जटाशंकर गुरुद्वारा के अध्यक्ष जसपाल सिंह ने बताया कि 68 वर्ष की आयु है। जबसे मतदान के लायक हुए, तबसे लेकर हर चुनाव में अपने बूथ पर वोट डालने जरूर जाता हूं। स्वस्थ लोकतंत्र की स्थापना के लिए मतदान सबसे बड़ा हथियार है।
महंगाई पर लगाम लगाने वाली सरकार चुनेंगे
मोहद्दीपुर गुरुद्वारा के सचिव मनमोहन सिंह लाडे ने बताया कि बेरोजगारी को दूर करने के साथ महंगाई पर लगाम लगाने वाली सरकार को चुनेंगे। ये समस्या हर जन से जुड़ी है।
रसोई के बजट को बिगड़ने से बचाने वाली हो सरकार
गृहिणी सतनाम कौर ने बताया कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि, किचन के बजट को प्रभावित करती है। इस पर लगाम कसने वाली सरकार को मेरा वोट होगा।
पढ़ा लिखा हो हमारा लीडर
छात्र अनमोल सिंह ने बताया कि शिक्षा से ही समाज का विकास होता है। हमारी लीडर पढ़ा-लिखा होगा तो इसकी अहमियत को समझेगा।
विकासवाद को दे बढ़ावा
अधिवक्ता अरविंदर सिंह ने बताया कि चुनाव में सिख समाज को भी नुमाइंदगी मिले, विकासवादी सोच पर फोकस करने वाले को ही मेरा वोट पड़ेगा।
कानून व्यवस्था हो चुस्त-दुरुस्त
रामनगर कॉलोनी निवासी परमजीत सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था एकदम चुस्त-दुरुस्त रखने पर ध्यान देने के साथ बुजुर्गों की सुरक्षा को तवज्जों देने वाली सरकार को चुनेंगे।
महिलाओं की सुरक्षा को दें प्राथमिकता
छात्रा मनी कौर ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा हर सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। मेरा वोट इस दिशा में काम करने वाली सरकार के हक में जाएगा।
गोरखपुर के विकास की खातिर करूंगी वोट
गृहणी बलविंदर कौर ने बताया कि सपरिवार लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लूंगी। हर बार मतदान करती हूं। गोरखपुर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जानी वाली सरकार को चुनूंगी।