महराजगंज जिला कारागार में तैनात सिपाही की बेटी ने जिले का नाम रोशन किया है। हाई स्कूल की परीक्षा में छठवां स्थान हासिल कर सफलता का परचम लहराने वाली बेटी ने सभी का मान बढ़ाया है। परिजन समेत शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। वहीं स्कूल प्रशासन की ओर से खुशी का इजहार किया गया।
जिला जेल में तैनात सिपाही पंकज कुमार पांडेय की बेटी दीक्षा पांडेय ने हाई स्कूल की परीक्षा में 94.50 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया। यह मूलतः देवरिया जिले की मधवापुर गांव की रहने वाली है। इनकी बहन साक्षी पांडेय ने भी हाई स्कूल की परीक्षा में 88.3 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। दोनों जुड़वा बहन हैं।
बेटी को मिली सफलता से खुशी से गदगद पिता पंकज पांडेय ने कहा कि बेटी शुरू से ही पढ़ने में तेज रही है। मन लगाकर पढ़ाई की जिससे सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। सबसे बड़ी बेटी शिक्षा पांडेय हैं। 2019 में इंटर में जिले में वह सातवें स्थान पर आई थी। दूसरे नंबर की बेटी दीक्षा पांडेय है। तीसरी बेटी साक्षी है। बेटा सक्षम लिटिल फ्लावर स्कूल में पढ़ता है।