बोर्ड परीक्षाओं में नंबर बढ़ाने को लेकर जालसाजों ने सोशल मीडिया पर भी अपना जाल बिछाया है। इसके अलावा वे अभिभावकों और छात्रों को फोनकर परीक्षा में नंबर बढ़वाने का प्रलोभन दे रहे हैं। जालसाज न सिर्फ यूपी बोर्ड, बल्कि सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में भी नंबर बढ़वाने का झांसा दे रहे हैं।
खुद को बोर्ड से जुड़ा बताकर अपना बैंक खाता नंबर तक साझा कर रहे हैं। बच्चों के बेहतर भविष्य के लालच में कई अभिभावक फंस जा रहे हैं। कई शिकायतें मिलने के बाद से बोर्ड ने एडवाइजरी जारी की है।
सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के निर्देश में कहा गया है कि अभिभावक किसी के झांसे में न आएं। अगर आप के पास भी इस तरह के फोन आएं, या सोशल मीडिया के जरिए कोई प्रलोभन मिले तो तत्काल इसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ पुलिस को दें ताकि समय रहते इन पर शिकंजा कसा जा सके।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कॉपियों का मूल्यांकन और नंबर फीडिंग की प्रक्रिया बेहद गुप्त होती है। केंद्र पर तैनात लोग भी नंबर किस छात्र का है, ये नहीं बता सकते। ऐसे में कोई भी अगर नंबर बढ़ाने का दावा कर रहा है तो वह आपको झांसा दे रहा है। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि अक्सर मूल्यांकन के दौरान ही ये जालसाज सोशल मीडिया साइट्स पर सक्रिय होते हैं, इनसे सतर्क रहने की जरूरत है। ये अभिभावकों को झूठा प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाते हैं। आज के समय में कॉपियों की सुरक्षा के मानक बेहद कड़े हैं। अगर अभिभावक सतर्क नहीं रहेंगे तो उन्हें अपनी गाढ़ी कमाई से हाथ धोना पड़ेगा।