गोरखपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणामों में इस बार बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बोर्ड की ओर से जारी हाईस्कूल टॉप-10 सूची में गोरखपुर-बस्ती मंडल की आठ छात्राओं ने स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खास बात यह रही कि दोनों मंडलों से एक भी छात्र इस सूची में जगह नहीं बना सका। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में भी कोई छात्र-छात्रा टॉप-10 में स्थान नहीं पा सका।
बोर्ड की ओर से जारी सूची के अनुसार, हाईस्कूल की टॉप-10 में कुल 115 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इनमें देवरिया की चार, सिद्धार्थनगर की दो, कुशीनगर की एक और बस्ती की एक छात्रा शामिल है। सिद्धार्थनगर के तेतरी बाजार स्थित आरपीजेएसएसएम इंटर कॉलेज की श्रद्धा पांडेय और कुशीनगर के दुदही स्थित आरकेएमआईएम कॉलेज, कोकिलपट्टी की रोशनी ने 600 में 581 अंक (96.83 प्रतिशत) प्राप्त कर संयुक्त रूप से छठा स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में आरपीजेएसएसएम इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार की आस्था ओझा ने 600 में 580 अंक (96.67 प्रतिशत) के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया। बस्ती के रुधौली दयानगर स्थित दीनानाथ चौधरी राष्ट्रीय इंटरमीडिएट कॉलेज की साक्षी चौधरी और देवरिया के बीआरडी इंटर कॉलेज, बल्लीपट्टी पथरदेवा की साक्षी राय ने 600 में 579 अंक (96.50 प्रतिशत) हासिल कर संयुक्त रूप से आठवां स्थान पाया।
देवरिया के ही बीआरडी इंटर कॉलेज, बल्लीपट्टी पथरदेवा की प्रीति यादव और सीएस मेमोरियल इंटर कॉलेज, बेलकुंडा बंसापटी बाजार की श्वेता पटेल ने 600 में 578 अंक (96.33 प्रतिशत) प्राप्त कर संयुक्त रूप से नौवां स्थान हासिल किया। वहीं, देवरिया के बीआरडी इंटर कॉलेज, बल्लीपट्टी पथरदेवा की आकांक्षा सिंह ने 600 में 577 अंक (96.17 प्रतिशत) के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया। परिणाम घोषित होने के बाद संबंधित विद्यालयों में खुशी का माहौल रहा। छात्राओं के परिजनों और शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।