जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। जंगल कौड़िया रेलवे स्टेशन के पास पिछले तीन दिनों से अज्ञात लोगों के जमावड़े ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मामला पीपीगंज थाना क्षेत्र का है। रोजाना रात में 25 से 30 की संख्या में लोगों के जमावड़े से स्थानीय लोग हदशत में हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्टेशन के आसपास करीब 25 से 30 अज्ञात लोग डेरा डाले हुए हैं। दिन के समय इनमें से अधिकतर पुरुष और महिलाएं अलग-अलग कामों के लिए बाहर चले जाते हैं लेकिन रात होते ही सभी एक जगह इकट्ठा हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। करीब 20 दिन पहले भी लगभग 50 लोगों का समूह यहां रुका था, जो पुलिस के पहुंचने के बाद अचानक वहां से गायब हो गया था।
सीओ कैंपियरगंज अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यह पता लगाया जाएगा कि ये लोग कहां से आए हैं और किस उद्देश्य से यहां ठहरे हुए हैं।