नए परिसर के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंचासीन सीएम व वित्त मंत्री
- फोटो : अमर उजाला
यूपी दंगा मुक्त, कानून व्यवस्था बेहतरीन
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) ने नई ऊंचाई को छुआ है। उन्होंने बताया कि पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद जब उन्होंने इन्वेस्टर्स समिट करने को कहा तब उन्हें बताया गया कि प्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपये का ही निवेश मिल सकता है।
इस पर सवाल करने पर कहा गया कि उत्तर प्रदेश से लोगों का भरोसा टूट चुका है इसलिए यहां लोग निवेश नहीं करना चाहते। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त हो चुका है, यहां गुंडागर्दी नहीं है, कानून व्यवस्था बेहतरीन है तो उसका परिणाम भी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की उपलब्धियों में देखा जा सकता है।
यूपी में आस्था भी और आजीविका भी
सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का एक माह पूरा हो रहा है। एक माह में वहां 62 से 65 लाख श्रद्धालु पधार चुके हैं। अयोध्या के विकास के समय जिन व्यापारियों को कुछ संशय था, उन्हें पुनर्वासित करने का वचन निभाया गया। आज वही व्यापारी यह बताते हैं कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के बाद उनका व्यवसाय 30 से 50 गुना बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा बदलते उत्तर प्रदेश में आस्था भी है और आजीविका भी।
लोकार्पण करते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
निर्मला सीतारमण ने कहा, योगी जी बहुत ही डायनमिक मुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ बहुत ही डायनमिक मुख्यमंत्री हैं। सीएम योगी के लिए डायनमिक शब्द को समझाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 75 जिले हैं और एक साल में 52 सप्ताह होते हैं। सीएम योगी जी साल भर में प्रत्येक जिले का कम से कम एक बार दौरा जरूर कर लेते हैं। कुछ जिलों में यह संख्या और कई बार होती है। वह इंजन की तरफ प्रदेश में घूमते रहते हैं। हर जिला ही उनके लिए हेडक्वार्टर है। प्रथम बार गोरखपुर आगमन को लेकर श्रीमती सीतारमण ने कहा, 'फर्स्ट इंप्रेशन इज बेस्ट इंप्रेशन और मुझे गोरखपुर इतना सुंदर लगा जितना सोचा भी नहीं था।'
वित्त मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व सरकार बार बार यह साबित कर रही है कि जिसका शिलान्यास होगा, उसका उद्घाटन भी होगा। सभी परियोजनाओं के पूरा होने की गारंटी ही मोदी जी की गारंटी है। अपनी बात को और स्पष्ट करने के लिए उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश की चार प्रमुख परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
वित्त मंत्री ने बताया कि गोरखपुर के खाद कारखाना और एम्स का शिलान्यास जुलाई 2016 में किया गया और दिसम्बर 2021 में इन सभी का लोकार्पण भी हुआ। गोरखपुर में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के रीजनल सेंटर का 2018 में शिलान्यास हुआ तो दिसंबर 2021 में उद्घाटन भी।
वित्त मंत्री ने आयकर विभाग की उपलब्धियां पर चर्चा करते हुए कहा कि सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 16.77 प्रतिशत बढ़ा है। इसके साथ ही अप्रैल 2023 से 10 जनवरी 2024 तक 2.48 लाख करोड़ रुपये का टैक्स रिफंड भी किया गया है। साठ-सत्तर के दशक से वर्ष 2009 तक पुराने टैक्स क्लेम के मामलों में 25 हजार रुपये की धनराशि पर राहत प्रदान की गई है। फेसलेस सिस्टम के चलते शिकायतों में 60 प्रतिशत कमी आई है। आयकर विभाग प्रतिदिन 1.66 करोड़ असेसमेंट कर लेता है जबकि एक सप्ताह में 3.43 करोड़ इनकम टैक्स रिटर्न की प्रक्रिया पूरी कर ली जाती है।
केंद्रीय वित्त मंत्री, सीएम योगी और वित्त राज्य मंत्री अधिकारियों के साथ
- फोटो : अमर उजाला
सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी कई मायनों में नंबर एक
आयकर विभाग के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों की सोच बदल दी है। उनके नेतृत्व में अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है तो जनकल्याण के भी व्यापक कार्यक्रम जारी हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि योगी जी ने उत्तर प्रदेश का चेहरा बदल दिया है। जिस उत्तर प्रदेश को दंगा प्रदेश माना जाता था, बीमारू राज्य कहा जाता था, जहां लोग आने में, निवेश करने को तैयार नहीं होते थे। आज सीएम योगी के नेतृत्व में वही उत्तर प्रदेश कई मायनों में नंबर एक बन गया है।
यह प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन, गन्ना उत्पादन, दूध उत्पादन, इंफ्रास्ट्रक्चर आदि मामलों में देश में नंबर एक है। हाल में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में यूपी ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए 40 लाख करोड रुपये के एमओयू में से 10 लाख करोड रुपये की परियोजनाओं को धरातल पर उतारा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तारीफ करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि वित्त मंत्री के नेतृत्व में टैक्स रिबेट बढ़ने के बावजूद टैक्स कलेक्शन बढ़ा है।
स्वागत संबोधन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के चेयरमैन नितिन गुप्ता व आभार ज्ञापन पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौधरी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद रविकिशन शुक्ल, कमलेश पासवान, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड की सदस्य प्रज्ञा सहाय सक्सेना समेत आयकर विभाग के कई अधिकारी व गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री ने परिषदीय स्कूलों के कक्षा 7 और 8 के विद्यार्थियों को चंद्रयान का मॉडल वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
फीता काटते सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्माण सीतारमण और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी। इस दौरान आयकर विभाग के शीर्ष अधिकारी और बोर्ड के सदस्य भी मौजूद रहे।