- गुलरिहा इलाके में हुई घटना, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो
सरहरी (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के रघुनाथपुर के पास सोमवार शाम करीब 7:15 बजे मुंडन संस्कार से लौट रहे अनियंत्रित बाइक सवार पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, संतकबीरनगर जनपद के मगहर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर के टोला कटहर निवासी सज्जन लाल का बेटा रंजीत (30) सोमवार को अपने चचेरे भाई ऋषिकेष व योगेंद्र के साथ गुलरिहा क्षेत्र के बांसस्थान मंदिर पर अपने गांव के एक मुंडन संस्कार में आया था। शाम करीब 7:15 बजे कार्यक्रम समाप्त होने पर तीनों एक ही बाइक से घर वापस जा रहे थे। रघुनाथपुर के बेलदारी टोला के पास सामने समान दिशा में जा रही ट्राॅली में पीछे से भिड़ गए। जिसमें रंजीत की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चचेरे भाई ऋषिकेष एवं योगेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर सिपाहियों के साथ पहुंचे सरहरी चौकी इंचार्ज राधेश्याम सेहरा ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को मेडिकल काॅलेज भेजवा दिया। रंजीत के दो वर्ष की एक पुत्री है। वह शटरिंग का कार्य करता था।
............
बस की टक्कर से एक की मौत
कैंपियरगंज। गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर सोमवार सुबह करीब सात बजे के करीब प्राइवेट बस की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान बादशाहपुर निवासी दिनेश पासवान (45) के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक, दिनेश निजी कार्य से पीपीगंज जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से बस ने साइड लेने के चक्कर में टक्कर मार दी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। ब्यूरो