गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जयरामकोल ग्राम पंचायत के जोगिया गांव के पास गोर्रा नदी के किनारे दो पुरुषों के शव पड़े होने की सूचना सामने आई। अंधेरे में नदी किनारे फैली दुर्गंध और शवों की हालत देख ग्रामीण सहम गए। उन्होंने तत्काल ग्राम प्रधान को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों शव बुरी तरह सड़ चुके हैं और क्षत-विक्षत अवस्था में नदी के किनारे पड़े थे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाया और आसपास के इलाकों में पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शव काफी पुराने होने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया दोनों शव कई दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि शव किसी अन्य स्थान से बहकर यहां पहुंचे हों या फिर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान नदी में प्रवाहित किए गए हों। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों अज्ञात शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है। साथ ही, आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके।
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि फिलहाल किसी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इलाके में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।