गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने एसबीजी ग्लोबल नामक फर्जी कंपनी के माध्यम से निवेशकों को ठगने के आरोप में रविवार को दो आरोपियों को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के आदित्य कुमार सिंह और पंकज सिंह के रूप में हुई है।
पीड़ित योगेंद्र नाथ और उनके साथियों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने खुद को एसबीजी ग्लोबल कंपनी का सीईओ बताकर निवेश का झांसा दिया। उन्होंने फर्जी दस्तावेज दिखाकर दावा किया कि कंपनी में निवेश करने पर 12 माह में तीन गुना लाभ होगा। इस झांसे में आकर वर्ष 2023 में लगभग 48 लाख रुपये विभिन्न खातों में जमा किए। शुरुआत में आरोपियों ने थोड़े लाभांश दिए, जिससे विश्वास बना रहा। इसके बाद आरोपियों ने निवेशकों को भुगतान करने से मना कर दिया। जब पीड़ितों ने रुपये मांगने की कोशिश की तो आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। घटना की रिपोर्ट 23 जनवरी को थाना रामगढ़ताल थाने में दर्ज कराई गई। इस संबंध में थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया गया है।