बुखार से पीड़ित दो बहनों की मौत, तीसरी भी बीमार
मथौली बाजार (कुशीनगर)। विकास खंड गांव मुहम्मदा जमीन सिकटिया के घोसीपुर टोले पर एक ही परिवार की दो बच्चियों की मौत हो गई। दोनों बुखार से पीड़ित थीं। तीसरी बच्ची प्रीति (एक साल) भी बीमार है। उसका उपचार चल रहा है।
गांव के योगेंद्र की बेटी शालू (9) एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थी। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। योगेंद्र की दूसरी बेटी अमृता (2) को भी बुखार और बदन में ऐंठन की शिकायत हो गई। उसे परिजन हाटा सीएचसी पर ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे भी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
रविवार की शाम अमृता की मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि बच्ची की मौत सिफलिस नामक बीमारी से हुई है। उनकी तीसरी बेटी प्रीति भी बुखार से पीड़ित है। इससे गांव के लोग भयभीत हैं। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी मोतीचक राजेश मद्धेशिया ने बताया कि इसकी जानकारी नहीं थी। सिफलिस में खून में इंफेक्शन फैलने से यह बीमारी होती है। टीम भेजकर गांव में सर्वे कराया जाएगा।