पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के गीता वाटिका स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने सोमवार रात भंडारे के दौरान हुए विवाद में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि आयोजन मंडल से जुड़े सात लोगों ने पहले एक युवक को पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे मेडिकल स्टोर संचालक समेत दो लोगों पर भी लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया। संचालक के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। दूसरे व्यक्ति को भी कई जगह चोटें आई हैं। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल स्टोर संचालक सौरभ प्रताप सिंह के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8:30 बजे उनकी दुकान के बगल में भंडारा चल रहा था। इसी दौरान उनके मित्र सुधीर चौरसिया का आयोजन मंडल से जुड़े लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। शोर सुनकर सौरभ प्रताप सिंह और रजत राय बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया और लाठी-डंडों व रॉड से हमला कर दिया। हमले में सौरभ के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर गिर पड़े।
वहीं, सुधीर चौरसिया के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को हमलावरों से बचाया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। थाना प्रभारी अंजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पीड़ित सौरभ की तहरीर पर मंगलवार को शाहपुर पुलिस ने शुभम निषाद, विठ्ठल निषाद, गौरव गुप्ता, सुधीर पासवान, सुमित अग्रहरी, कृष्णा और शिवेंद्र सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है।