- उदयीपुर में दो बाइकों की भिड़ंत, पांच वर्षीय नाती उछलकर दूर गिरा, दूसरे बाइक का चालक भी गंभीर
- एफसीआई गोदाम जा रहे थे उमेश पाठक, इलाज के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम
गोला। रामजानकी मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि उनका पांच वर्षीय नाती और दूसरी बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा उछलकर सड़क से दूर जा गिरा और दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसा बुधवार को उदयीपुर के पास हुआ। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
देवलापार निवासी उमेश पाठक (65) बुधवार को अपने पांच वर्षीय नाती के साथ बाइक से गोला स्थित एफसीआई गोदाम जा रहे थे। उदयीपुर के पास रामजानकी मार्ग पर गोला की तरफ जाने के लिए वह सड़क पर चढ़े ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उमेश पाठक के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं। उनका नाती उछलकर दूर जा गिरा, जबकि दूसरी बाइक का चालक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उमेश और बच्चे को सीएचसी गोला ले गए। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उमेश पाठक को मृत घोषित कर दिया।
दूसरे बाइक चालक की पहचान कटया निवासी समीर (26) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक उसे भी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि मृतक के बेटे दुर्गेश पाठक की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।