- रामगढ़ताल क्षेत्र की तीन वारदातों का पर्दाफाश, जेवर बेचकर जुटाई थी नकदी
- बंद मकानों की रेकी कर बनाते थे निशाना, पुलिस ने दोपहिया वाहन व औजार भी किए जब्त
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी के दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजघाट के तुर्कमानपुर नई मस्जिद निवासी शहजादे और हल्सीगंज नक्की रोड बसंतपुर निवासी अब्दुल सलाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के जेवर बेचकर प्राप्त किए गए 4.70 लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक, लोहे की हथौड़ी और सरिया बरामद किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ऐसे मकानों की तलाश करते थे, जहां परिवार बाहर गया हो। इसके बाद कई दिनों तक आसपास की रेकी करते थे और मौका मिलते ही रात में ताला तोड़कर घर में घुस जाते थे। घर के अंदर रखे कीमती जेवर और नकदी समेटकर भाग जाते थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पिछले एक माह के दौरान रामगढ़ताल क्षेत्र में तीन अलग-अलग घरों को निशाना बनाया था।
पहली घटना में प्रज्ञानगर (पथरा) निवासी विजय कुमार यादव एक मार्च 2026 को परिवार के साथ गांव गए थे। 5 मार्च को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। चोर नकदी समेत जेवर चोरी कर ले गए थे। वहीं तीन अप्रैल की रात न्यू कॉलोनी कजाकपुर में चोरी हुई थी। रविंद्र सिंह अपने परिवार के साथ गांव गए थे। इसी दौरान चोरों ने गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और करीब एक लाख रुपये नकद, लगभग 60 ग्राम सोने के आभूषण और 40 चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। घटना के दौरान संदिग्धों की गतिविधि पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। तीसरी घटना आजाद नगर चिलमापुर रोड स्थित मकान में हुई, जहां उमेश शुक्ला की बहू तीन अप्रैल को गांव चली गई थीं। आठ अप्रैल को लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला। चोर घर से मंगलसूत्र, हार, झुमका समेत अन्य जेवर और करीब दो लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने तीनों मामलों में दर्ज प्राथमिकी कर साक्ष्य जुटाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बरामद नकदी चोरी के जेवर बेचने से प्राप्त की गई थी। पुलिस ने मंगलवार दोपहर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।