- गगहा के परेसापार का मामला
गगहा। गगहा के परेसापार में फर्जी दस्तावेज के जरिये दो पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी को क्लीन चीट दिए जाने के आरोप के बाद उच्च अधिकारियों ने मामले की दोबारा जांच कराई, जिसमें आरोपी रवि सिंह की संलिप्तता मिली है। पुलिस अब उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने जा रही है।
पुलिस के अनुसार, परेसापार निवासी रवि सिंह पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दो पासपोर्ट बनवाने का आरोप था। प्रारंभिक शिकायत पर जांच अधिकारी ने कथित तौर पर गलत रिपोर्ट देकर मामला खत्म कर दिया था। इसके बाद एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी के निर्देश पर मामले की दोबारा जांच कराई गई। विस्तृत जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी रवि सिंह ने एक ही आधार कार्ड से अलग-अलग पहचान विवरणों का इस्तेमाल कर दो पासपोर्ट हासिल किए।
पहला पासपोर्ट जिसमें रवि सिंह और जन्मतिथि एक जनवरी 1997 दर्ज है, जबकि दूसरा पासपोर्ट नाम रवि प्रताप सिंह और जन्मतिथि 15 नवंबर 1999 दर्ज है। दोनों पासपोर्ट में पता गगहा थाना क्षेत्र के परेसापार गांव का ही है। जांच में यह भी सामने आया कि गांव का ही एक दलाल पासपोर्ट बनवाने में सक्रिय था। उसके माध्यम से कई ग्रामीणों के पासपोर्ट बनाए गए। पुलिस ने सभी संबंधित रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं और पासपोर्ट कार्यालय को सूचित किया गया है।
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि इस तरह की धोखाधड़ी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन में हुई गड़बड़ी की भी स्वतंत्र जांच कराई जाएगी। संवाद