कुशीनगर जिले में शनिवार को 1211 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि दो लोग पॉजिटिव मिले। इन्हें लेकर कुल पॉजिटिव केस की संख्या 5569 हो गई है। 12 लोग उपचार के बाद स्वस्थ पाए गए।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि शनिवार को देर शाम तक 2356 लोगों का आरटीपीसीआर और एंटीजन टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया, जबकि 1213 लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 1211 निगेटिव और दो पॉजिटिव केस हैं।
संक्रमित मिले व्यक्तियों में एक सुकरौली तथा दूसरा खड्डा क्षेत्र का निवासी है। इस तरह अब तक कराई गई 239351 लोगों की जांच में 5569 कोरोना से संक्रमित मिले हैं।
12 लोग इलाज के बाद स्वस्थ मिले। इन्हें लेकर 5463 लोग ठीक हो चुके हैं। 60 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है, जबकि 46 लोग अभी भी इस महामारी से जूझ रहे हैं।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि जिले में कोरोना की संक्रमण दर 2.32 प्रतिशत, ठीक होने वाले मरीजों की दर 98.09 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.07 प्रतिशत है। उन्होंने कोरोना महामारी से बचाव के लिए जनपद के लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और मास्क का उपयोग करने की अपील की है।