गोरखपुर में ब्लैक फंगस से मौत के मामले रुक नहीं रहे हैं। गुरुवार को दो और मरीजों की मौत लखनऊ में हुई है। इसमें एक 51 वर्षीय व्यक्ति पीजीआई में भर्ती था। जबकि 62 वर्षीय महिला केजीएमयू में भर्ती थी।
बताया जा रहा है कि दोनों लोगों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी थी। इसके बाद ब्लैक फंगस की शिकायत पर दोनों मरीजों को लखनऊ इलाज के लिए परिजन ले गए थे।
जानकारी के मुताबिक शहर के रहने वाली 62 वर्षीय महिला कोविड पॉजिटिव थी। जिसका इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इस बीच रिपोर्ट निगेटिव आई, तो ब्लैक फंगस के लक्षण दिखने लगे। इस पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। जहां पर वह केजीएमयू में भर्ती थी। इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई।
वहीं, जिले के ही रहने वाले 51 वर्षीय व्यक्ति को ब्लैक फंगस की शिकायत पर एक निजी अस्पताल ने लखनऊ ले जाने की सलाह दी थी। परिजन किसी तरह इलाज के लिए एसजीपीआई ले गए। जहां पर इलाज के दौरान मौत हो गई।
बता दें कि इससे पूर्व ब्लैक फंगस के दो मरीजों की मौत लखनऊ के दो निजी अस्पतालों में हो चुकी है। साथ ही 30 से अधिक मरीज अब तक मिल चुके हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में एक भी मरीज दर्ज नहीं हैं। यह मरीज निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।