गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में रंजिश में ज्ञान निषाद की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या करने के मुख्य आरोपित आकाश निषाद समेत दो लोगों को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की गई। चौकी इंचार्ज अखिलेश कुमार तिवारी की टीम ने 48 घंटे के भीतर घटना में शामिल चार आरोपितों को जेल भेजने में सफलता पाई है। पकड़ा गया एक आरोपित नाबालिग है, जिसे बाल सुधार गृह भेजा गया।
एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए आरोपितों के बारे में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि ज्ञान निषाद हिमाचल प्रदेश में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। वहां पर उन्होंने एक मकान ले लिया था, जिसमें आरोपित आकाश के भाई को किरायेदार रख लिया था। मकान खाली करने को लेकर ही विवाद हुआ था। इसी बीच ज्ञान अपनी बेटी की शादी करने के लिए गांव आ गए थे।
आकाश के भाई ने फोन कर किरायेदारी के विवाद की जानकारी दी, जिसके बाद आकाश परिवार के चार अन्य लोगों के साथ ज्ञान निषाद के घर पहुंचा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल ज्ञान की बृहस्पतिवार तड़के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस ने मामले में आकाश निषाद, राहुल निषाद, भीम निषाद, उसकी पत्नी गुजराती पर केस दर्ज कर भीम और उसकी पत्नी को जेल भेज दिया था। फरार आरोपितों की तलाश में चौकी इंचार्ज हरनही अखिलेश तिवारी की टीम लगी थी। शुक्रवार को आकाश और उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।