गोरखपुर के कैंट इलाके के कार्मल रोड पर सोमवार रात पुलिस से मुठभेड़ के दौरान फरार हुए शातिर चोर चंदन के दो साथियों को पुलिस ने पकड़ लिया। बुधवार को पुलिस ने बस स्टेशन के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों के पास से दो हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलरिहा के हरसेवकपुर नंबर दो निवासी अंकुश चौहान और राज चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली इलाके के जगरनाथपुर का रहने वाला चंदन अपने दो साथियों के साथ सोमवार रात में कोतवाली इलाके में लूट करने की फिराक में था।
इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस को देखकर तीनों बदमाश एक ही बाइक से भागने लगे।
कोतवाली पुलिस ने वायरलेस सेट से इसकी सूचना दी थी जिसके बाद कैंट पुलिस ने घेराबंदी कर कार्मल रोड पर बदमाशों को घेर लिया था। मुठभेड़ में चंदन के पैर पर गोली लगी थी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि उसके दो साथी अंकुश और राज फरार हो गए थे।