खजनी थाना क्षेत्र के सोहरां गांव में स्वतंत्रता दिवस पर दर्दनाक घटना सामने आई। बीमार बेटे की मौत का सदमा पिता बर्दाश्त नहीं कर सके और कुछ ही देर बाद उनकी भी मौत हो गई। एक ही घर से पिता-पुत्र की शवयात्रा निकली और दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
बेलडांड़ ग्रामसभा के सोहरां गांव निवासी मोहित मौर्या (62) के बेटे राकेश मौर्या (42) की कई दिनों से तबीयत खराब थी। शुक्रवार देर शाम अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। तेज खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।