संवाद न्यूज एजेंसी
पिपराइच/सरदारनगर। जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को हुए सड़क हादसों में दो बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।
पिपराइच क्षेत्र के कोनी गांव के समीप बुधवार को एक अज्ञात डम्पर ने 70 वर्षीय महिला को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतका की पहचान ग्राम सभा सिहोरिया निवासी प्रभावती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रभावती देवी किसी काम से कोनी चौराहे की ओर जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार डम्पर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, दूसरी घटना चौरीचौरा थाना क्षेत्र के फुलवरिया चौराहे पर हुई, जहां बुधवार सुबह लगभग 11 बजे देवरिया से गोरखपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रही बुजुर्ग महिला को पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को लोगों ने तुरंत चौरीचौरा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान बरही राजभर टोला निवासी भेना देवी (65) पत्नी स्व. रमाशंकर राजभर के रूप में हुई है। वह किसी कार्य से फुटहवाइनार चौराहे की ओर जा रही थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।