- 200 घरों में गुल रही बत्ती, इंवर्टर भी दे गए जवाब, लोग पानी के लिए तरसे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रुस्तमपुर ढाले पर टेलीफोन कॉलोनी के समीप रविवार सुबह दो जर्जर खंभे टूट जाने से 200 के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस वजह से लोगों को लगभग सात घंटे तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। अपराह्न लगभग 3:30 बजे नए खंभे लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद उपभोक्तओं ने राहत की सांस ली।
सुबह लगभग 8:30 बजे रुस्तमपुर ढाले के निकट टेलीफोन कॉलोनी के सामने दो जर्जर खंभे टूट कर गिर गए, जिससे यहां लगे लगभग 600 केवीए का एक ट्रांसफार्मर बंद हो गया। बताया जा रहा है कि पहले एक तार के खिंचाव होने पर एक जर्जर खंभा गिरा, उसके बाद उससे कुछ ही दूरी पर लगा दूसरा खंभा भी गिर गया। हालांकि इससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची बिजली निगम की टीम ने दूसरे खंभे लगाए, जिसके बाद आपूर्ति बहाल की गई।
स्थानीय निवासी मनीष ने बताया कि रविवार होने से घर में ही पूरे दिन रहे। बिजली नहीं होने से काफी परेशानी हुई। तीन घंटे बाद इंवर्टर भी जवाब दे गया। वहीं, मोहल्लावासी सुनील ने बताया कि खंभा गिरने से पूरे दिन बिजली नहीं रही। इससे सुबह से ही टंकी में पानी भी नहीं था। नल से पानी भरकर दैनिक कार्य किए गए।
टाउनहाॅल के अधिशासी अभियंता अंकित कुमार ने बताया कि सुबह 8:30 बजे दाे खंभे टूट गए थे। पूरे दिन कार्य करवाकर अपराह्न लगभग 3:30 बजे नए खंभे लगाकर बिजली बहाल कर दी गई।