गोरखपुर जिले के दो अलग-अलग सड़क हादसों में बुजुर्ग महिला समेत दो की मौत हो गई। चौरीचौरा में सोमवार रात हादसे में महिला की मौत हुई थी, जबकि गगहा में मंगलवार सुबह दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई।
गगहा प्रतिनिधि के मुताबिक, गगहा क्षेत्र के भलुआन चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर मंगलवार सुबह क्रेन की टक्कर लगने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया। मृतका की पहचान नाजमा खातून (70) पत्नी सोभी निवासी सलारपुर के रूप में हुई।
नाजमा भलुवान स्थित आरा मशीन केंद्र पर भोजन पकाने का कार्य करती थी। मंगलवार को भोजन पकाने के लिए लकड़ी लेकर सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान हादसा हुआ। पुलिस ने क्रेन को कब्जे में ले लिया है।
फुटहवा इनार प्रतिनिधि के मुताबिक, चौरीचौरा थाना क्षेत्र शत्रुध्नपुर फुटहवाइनार निवासी 60 वर्षीय पूर्णमासी निषाद की सोमवार देर रात मौत हो गई। सोमवार रात में सड़क पार करते समय वह वाहन के चपेट में आकर घायल हो गए थे। परिजन उन्हें स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।