इनमें कई परिवार भी कोरोना की चपेट में आ आए हैं। इनमें रेती चौक में एक ही परिवार के छह लोग, रुस्तमपुर में एक ही परिवार के दो लोग, भोपा बाजार में एक ही परिवार के दो लोग, समेरा नंबर एक में एक ही परिवार के दो लोग, पादरी बाजार में एक ही परिवार के तीन लोग, असुरन में एक ही परिवार के दो, हुमांयुपुर में एक ही परिवार के दो लोग, जटांशकरपुर में एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमितों के परिजनों की जांच कराई जाएगी। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
जिले में संक्रमितों का आंकड़ा आठ हजार के पार 8829 पहुंच गया है। इनमें 5980 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि एक्टिव मरीज 2849 हैं। वहीं, संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 130 हो गई है।
शाहपुर थाना क्षेत्र में मिले सर्वाधिक 58 मरीज
शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सबसे अधिक 58 लोगों में संक्रमण मिला है। इसके अलावा गोरखनाथ आठ, कोतवाली 46, तिवारीपुर 12, कैंट 54, चिलुआताल 15, रामगढ़ताल छह, गुलरिहा 18, राजघाट में 15 नए मरीज मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो 125 नए मरीज मिले हैं।
इनमें बांसगांव में सात, बड़हलगंज एक, बेलघाट दो, कैंपियरगंज सात, चरगांवा 34, भटहट तीन, गोला दो, उरुवा तीन, कौड़ीराम एक, खजनी पांच, खोराबार 20, पाली दो, पिपरौली चार, सहजनवां आठ, सरदारनगर नौ, गगहा छह, पिपराइच में 10 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 38 मरीज हैं।
शनिवार जिले में दो संक्रमितों की मौत हुई है। दोनों मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई है। एक की उम्र 50 वर्ष और दूसरे की उम्र 61 वर्ष बताई जा रही है। बताया जाता है कि दोनों लोग शहर के ही रहने वाले हैं। इन्हें पहले से भी कई बीमारियां थीं। दोनों का शव कोविड प्रोटोकॉल के तहत कॉलेज प्रशासन ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
ट्रांसमिशन के बड़े अधिकारी संक्रमित, एक जेई को भी कोरोना
गोरखपुर। बिजली निगम ट्रांसमिशन (पारेषण) के एक बड़े अधिकारी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनके अलावा वितरण खंड प्रथम के एक अवर अभियंता (जेई) भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों के साथ काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है।
ठीक हो चुके लोगों में जोड़ रहे मौतों की संख्या
जिले में अब तक 130 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण से हो चुकी है। इन मौतों को विभाग ठीक हो चुके लोगों की संख्या में जोड़ रहा है। एसीएमओ डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि ठीक हो चुके मरीजों में मौत के आंकड़ों को जोड़ा जा रहा है। ठीक हो चुके मरीजों की संख्या अब तक 5980 है। इनमें 130 लोगों की मौत भी हुई है। इन्हें इसलिए जोड़ा जा रहा है क्योंकि ये लोग अब नहीं है। इसलिए इन्हें अलग नहीं जोड़ा गया है।