गोरखपुर के सहजनवां इलाके के एक गांव में शादी के महज एक दिन बाद ऐसा विवाद खड़ा हो गया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। सुहागरात के दौरान दुल्हन को पता चला कि उसका पति शारीरिक रूप से अक्षम है।
यह जानकारी मिलते ही युवती ने अपनी बहन और मायके वालों को सूचना दी। इसके बाद युवती के पिता ने दूल्हा और उसके परिवार के खिलाफ सहजनवां थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए तलाक की मांग की। दो दिन थाने में पंचायत भी चली लेकिन समाधान नहीं निकल सका।
जानकारी के अनुसार, सहजनवां का दूल्हा बीटेक तक शिक्षित है और एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। परिवार ने उसकी शादी पीपीगंज क्षेत्र की एक युवती से धूमधाम से कराई थी। लेकिन सुहागरात को दुल्हन को पति की अक्षमता का पता चल गया।
दोनों परिवारों की सहमति से हुआ युवक का मेडिकल परीक्षण
कई दिनों तक दोनों परिवारों के बीच तकरार चलती रही। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों की सहमति से युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें पुष्टि हुई कि वह संतानोत्पत्ति में सक्षम नहीं है।
दुल्हन पक्ष ने की तलाक की मांग
इसके बाद दुल्हन पक्ष ने तलाक की मांग की, लेकिन ससुराल पक्ष ने इसे स्वीकार करने से इन्कार कर दिया। मामला बढ़ने पर युवती के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर दो दिनों तक पंचायत कराई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
युवक समेत घर के पुरुष सदस्य हुए गायब
उधर, विवाद बढ़ते देख युवक समेत घर के पुरुष सदस्य घर छोड़कर चले गए हैं। थाना प्रभारी महेश चौबे के अनुसार, पीपीगंज क्षेत्र के व्यक्ति की ओर से दूल्हे की शारीरिक अक्षमता का आरोप लगाते हुए शिकायत मिली है। दोनों पक्षों से बातचीत जारी है। यदि आपसी सहमति नहीं बनती है, तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज करेगी।