गोरखपुर के कोतवाली इलाके के दुर्गाबाड़ी के पास दो गुटों में एक लड़की के प्रेम प्रसंग में विवाद हुआ था। पुलिस ने अंडा विक्रेता समेत सात लोगों पर हत्या की कोशिश, बलवा व 7 सीएलए की धाराओं में केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी समेत फरार अन्य की तलाश में पुलिस टीम लगी है। पुलिस ने आरोपियों के परिजनों को भी हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ इलाके के जटाशंकर निवासी शंकर चौधरी की स्थिति गंभीर देखते हुए परिजन निजी अस्पताल ले गए। उनके छोटे भाई शिव चौधरी ने कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया है। दर्ज केस के मुताबिक, शिव चौधरी का भतीजा शनि सोमवार शाम दोस्तों के साथ दुर्गाबाड़ी चौराहा पर गया था।
पुराने विवाद में शाम 7:30 बजे महादेव हॉस्टल के पास अंडा की दुकान लगाने वाले अभिषेक यादव, हॉस्टल में रहने वाले महराजगंज, कोल्हुई के गुरचिया निवासी आलोक प्रजापति, सिद्धार्थनगर के खेसरहा, सुरहीताल निवासी रवि उपाध्याय हाल मुकाम पादरी बाजार ने अपने चार साथियों संग पिस्टल से फायरिंग कर दी।
जिसमें छोटे काजीपुर निवासी अनिकेत सिंह, शंकर चौधरी और रास्ते से गुजर रहे बेनीगंज निवासी शाहनवाज घायल हो गए थे। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश में पुलिस टीम लगी है।