गीडा में महिला से मंगलसूत्र और मोबाइल लूट के दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में। स्रोत पुलिस
- संतकबीरनगर के रहने वाले आरोपियों को गीडा पुलिस ने भिजवाया जेल
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। खजनी से दवा कराकर मायके कटका गांव लौट रही महिला से लूट के दो आरोपियों को गीडा पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान संतकबीनगर के खलीलाबाद अशरफाबाद निवासी गजेंद्र यादव और मगहर निवासी गुलजार खान के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके पास से लूट का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गीडा थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय के मुताबिक, संतकबीरनगर के बखिरा की रहने वाली सोनी अपने मायके कटका गांव आईं हुईं थीं। 13 नवंबर को वह खजनी दवा कराने आईं थीं। दोपहर लगभग 12 बजे लौटते समय नौसड़ से आगे सवारी का इंतजार करते समय बाइक सवार दो युवकों ने उनका मंगलसूत्र और मोबाइल लूट लिया था। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा कर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की पहचान संतकबीनगर के खलीलाबाद अशरफाबाद निवासी गजेंद्र यादव और मगहर निवासी गुलजार खान के रूप में हुई है। महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने दोनों को जेल भिजवा दिया।