फर्टिलाइजर स्थित एसएसबी हेड क्वार्टर पर चल रही सिपाही भर्ती के दौरान दो जालसाज पकड़े गए। इंस्पेक्टर ने बायोमीट्रिक जांच के दौरान दोनों को पकड़ा और फिर चिलुआताल थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया। पुलिस ने सात साल की कम सजा होने की वजह से निजी मुचलके पर दोनों को छोड़ दिया।
आरोपितों की पहचान बलिया जिले के निवासी आदित्य और वहीं के पकड़ी थाना क्षेत्र के मनहुल निवासी आलोक कुमार भारती के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक, एसएसबी हेड क्वार्टर फर्टिलाइजर में एसएसबी कांस्टेबल भर्ती की परीक्षा चल रही है, जिसमें इंस्पेक्टर आशीत प्रकाश ने बायोमीट्रिक जांच में दो संदिग्धों को पकड़ा। अंगुठे का मिलान नहीं होने पर इंस्पेक्टर आशीत प्रकाश दोनों आरोपितों को चिलुआताल थाने ले आए। इंस्पेक्टर की तहरीर पर चिलुआताल पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया।