मशीन से पोखरे की खुदाई, पुलिस ने जब्त की ट्रॉली
देसही देवरिया। अमारी झांगा गांव में सार्वजनिक पोखरे की खुदाई मशीन से होने की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां मौजूद प्रधान पक्ष के तीखे तेवर की चलते राजस्वकर्मी बैकफुट पर आ गए। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद फोर्स के साथ पहुंची महुआडीह पुलिस ने जेसीबी सहित ट्रॉली को कब्जे में ले लिया।
महुआडीह थानाक्षेत्र के अमारी झांगा गांव में बुधवार देर शाम सार्वजनिक पोखरे की खुदाई जेसीबी से कराई जा रही थी। ट्रैक्टर ट्राली से मिट्टी बाहर ले जाकर बेचा जा रहा था। गांव के लोगों की शिकायत पर पहुंचे राजस्वकर्मियों ने खुदाई रोकने का प्रयास किया तो उन्हें प्रधान पक्ष की तरफ से कड़े तेवर का सामना करना पड़ा। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद राजस्व निरीक्षक महेंद्र जायसवाल महुआडीह थाना पहुंचे। फोर्स के साथ एसओ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर चालक भागने लगे। एक ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन को पकड़ लिया गया। राजस्वकर्मियों ने खनन विभाग को सूचना देने के बाद पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस गाड़ियों को कब्जे में लेकर थाने गई।
इस संबंध में एसओ प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पोखरे की खुदाई कर रही जेसीबी और एक ट्रैक्टर ट्राली को राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस को सुपुर्द किया है।
राजस्व निरीक्षक महेंद्र जायसवाल ने बताया कि सार्वजनिक पोखरे की खुदाई मशीन से कराई जा रही थी। मिट्टी से बंधा भी नहीं बन रहा था। और गाड़ियां चालक लेकर भाग निकले। जेसीबी और एक ट्राली पुलिस को सुपुर्द किया गया है।