तीन तलाक बिल पास होने के बाद भले ही मुस्लिम महिलाएं राहत महसूस कर रही हों, लेकिन अभी भी बहुत से ऐसी महिलाएं हैं, जो तीन तलाक का शिकार हो रही हैं। ऐसा ही एक मामला नगर थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में सामने आया है। जहां एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया कि दहेज की खारित उसे फोन पर तलाक दे दिया है।
उक्त गांव निवासिनी हसीना खातून उम्र लगभग 32 वर्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उनका विवाह 16 मार्च 2019 को लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जिभियांव निवासी एक व्यक्ति के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के साथ हुआ था। परिजनों ने दहेज में 21 हजार रुपये देनमेहर, बाइक, वाशिंग मशीन, कूलर, अलमारी, फ्रिज, सोने का झाला हार सहित अन्य सामान देकर उन्हें विदा किया था।
विवाह के कुछ दिन तक तो सब ठीक चला, लेकिन बाद में दहेज के लिए ससुराली उसे मारने पीटने लगे। घर बनवाने के लिए पांच लाख रुपये की और डिमांड की जाने लगी। आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति ने उन्हें फोन पर तीन बार तलाक दे दिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।